Apni Pathshala

Lonar Lake को मिला वैश्विक भूवैज्ञानिक विरासत स्थल का दर्जा

Lonar Lake को मिला वैश्विक भूवैज्ञानिक विरासत स्थल का दर्जा 

संदर्भ:

हाल ही में महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में स्थित प्रसिद्ध लोनार झील (Lonar Lake) को इंटरनेशनल यूनियन ऑफ जियोलॉजिकल साइंसेज (IUGS) की प्रतिष्ठित ‘थर्ड 100 जियोलॉजिकल हेरिटेज साइट्स’ की सूची में शामिल कर वैश्विक भूवैज्ञानिक विरासत स्थल (Global Geological Heritage Site) का दर्जा दिया गया।

लोनार झील के बारे में:

  • भौगोलिक स्थिति: Lonar Lake महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र के अंतर्गत बुलढाणा जिले के लोनार कस्बे में स्थित है।
    • यह करीब 6.5 करोड़ वर्ष पूर्व ज्वालामुखी उद्गार से निर्मित विशाल दक्कन ट्रैप्स (Deccan Traps) के बेसाल्ट पठार का हिस्सा है। 
  • उल्कापिंड प्रभाव (Hypervelocity Meteorite Impact): लोनार झील एक अति-वेग उल्कापिंड के पृथ्वी से टकराने के परिणामस्वरूप निर्मित एक दुर्लभ इम्पैक्ट क्रेटर (Impact Crater) है।
    • वर्तमान भूवैज्ञानिक अध्ययनों और आईयूजीएस के दस्तावेजों के अनुसार, इस क्रेटर का निर्माण लगभग 12,000 वर्ष पूर्व (कुछ पूर्ववर्ती अध्ययनों में 50,000 वर्ष तक का आकलन) हुआ था।
  • वैश्विक मान्यता: लोनार झील को IUGS की प्रतिष्ठित ‘थर्ड 100 जियोलॉजिकल हेरिटेज साइट्स’ की सूची में शामिल कर वैश्विक भूवैज्ञानिक विरासत स्थल (Global Geological Heritage Site) का दर्जा दिया गया।
    • इसकी घोषणा पुर्तगाल के अल्गार्वे (Algarve) में 4 से 8 नवंबर 2026 के बीच आयोजित IUGS Geoheritage Event 2026 के दौरान की गई। 
    • केंद्रीय खान मंत्रालय ने 13 नवंबर 2026 को इस उपलब्धि की आधिकारिक पुष्टि की।
  • विशेषताएं:
    • दुर्लभ बेसाल्ट संरचना: पृथ्वी पर ज्ञात उन केवल पाँच हाइपरवेलोसिटी इम्पैक्ट क्रेटरों में से यह एक है, जिनका निर्माण ज्वालामुखीय बेसाल्ट चट्टानों (Basaltic Rocks) के भीतर हुआ है।
      • प्रारंभिक ब्रिटिश काल के सर्वेक्षणों में इसे ज्वालामुखी क्रेटर समझा गया था, किंतु बाद के भू-रासायनिक परीक्षणों ने इसके उल्कापिंड जनित होने की पुष्टि की।
    • आकार और संरचना: इस क्रेटर झील का औसत व्यास लगभग 1.88 किलोमीटर है और इसकी गहराई लगभग 137 से 150 मीटर के मध्य है।
      • यह एक बंद बेसिन (Endorheic Basin) में स्थित है, अर्थात इसमें बाहर से पानी निकलने का कोई प्राकृतिक मार्ग नहीं है।
  • जल का अनोखा रसायन: लोनार झील का पानी अत्यधिक खारा (Saline) और क्षारीय (Alkaline) है। विशेष बात यह है कि झील के पानी में दो अलग-अलग रासायनिक क्षेत्र (बाहरी तटस्थ और भीतरी अत्यधिक क्षारीय परत) पाए जाते हैं, जो आपस में मिश्रित नहीं होते। इसका पीएच (pH) मान सामान्यतः 10.5 के आसपास रहता है।
  • शॉक मेटामॉर्फिज्म के प्रमाण: क्रेटर के तल के नीचे की गई ड्रिलिंग में मोटे ब्रेक्सिया (Coarse Breccia) के साथ शैटर कोन (Shatter Cones) और मास्केलिनाइट (Maskelynite) नामक दुर्लभ खनिज मिले हैं।
    • ये खनिज अत्यधिक उच्च दबाव और तापमान (Shock Metamorphism) के कारण बनते हैं, जो उल्कापिंड की टक्कर का अकाट्य प्रमाण हैं।
  • अंतरिक्ष अनुसंधान एवं खगोल-जीवविज्ञान में योगदान:
  • चंद्रमा और मंगल ग्रह का एनालॉग (Planetary Analogue): चूंकि लोनार झील का निर्माण बेसाल्ट चट्टानों पर हुआ है और मंगल ग्रह तथा चंद्रमा की सतह भी मुख्यतः बेसाल्टिक चट्टानों से बनी है, इसलिए यह स्थल अंतरिक्ष वैज्ञानिकों के लिए एक प्राकृतिक प्रयोगशाला है।
  • प्रमुख संस्थानों द्वारा शोध: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO), अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी (NASA), स्मिथसोनियन संस्थान (Smithsonian Institution) और यूएस जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के वैज्ञानिक यहाँ के खनिजों और सूक्ष्मजीवों का अध्ययन कर रहे हैं।
    • झील के चरम क्षारीय वातावरण में जीवित रहने वाले हेलोआर्किया (Haloarchaea) जैसे सूक्ष्मजीव अन्य ग्रहों पर जीवन की संभावनाओं को समझने में मदद करते हैं।
  • पूर्ववर्ती संरक्षण दर्जे एवं सांस्कृतिक विरासत:
  • राष्ट्रीय भू-विरासत स्मारक: भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (GSI) द्वारा इसे बहुत पहले ही राष्ट्रीय भूवैज्ञानिक स्मारक (National Geological Heritage Monument) घोषित किया जा चुका है।
  • रामसर आर्द्रभूमि स्थल: नवंबर 2020 में लोनार झील को अंतरराष्ट्रीय महत्व की आर्द्रभूमि के रूप में रामसर साइट (Ramsar Site) का दर्जा प्रदान किया गया था। यह क्षेत्र वन्यजीव अभयारण्य (Lonar Wildlife Sanctuary) के अंतर्गत भी संरक्षित है।
  • ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक महत्व: झील की परिधि में 6वीं से 12वीं शताब्दी के बीच चालुक्य और यादव वंशों द्वारा निर्मित कई प्राचीन मंदिर स्थित हैं।
    • इनमें प्रमुख दैत्यसूदन मंदिर (Daitya Sudan Temple) नागर और हेमाडपंती स्थापत्य कला का उत्कृष्ट उदाहरण है। 
    • इसके अतिरिक्त राम मंदिर, कुमारेश्वर, पाप हरेश्वर और सीता नहनी जैसे ऐतिहासिक स्थल भी यहाँ मौजूद हैं।
भारत के अन्य IUGS भू-विरासत स्थल: इस सूची में स्थान बनाने वाले भारत के अन्य प्रमुख स्थलों में मेघालय की मावम्लुह गुफा (Mawmluh Cave – 2022) और महाराष्ट्र के महाबलेश्वर स्थित दक्कन ट्रैप्स (Deccan Traps at Mahabaleshwar – 2024) शामिल हैं।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (Frequently Asked Questions)

1. Lonar Lake को किस अंतरराष्ट्रीय संस्था द्वारा वैश्विक भूवैज्ञानिक विरासत स्थल का दर्जा दिया गया है?

उत्तर: इंटरनेशनल यूनियन ऑफ जियोलॉजिकल साइंसेज (IUGS) ने पुर्तगाल के अल्गार्वे में आयोजित कार्यक्रम में लोनार झील को यह प्रतिष्ठित वैश्विक दर्जा दिया है।

2. लोनार झील कहाँ स्थित है और इसका निर्माण कैसे हुआ था?

उत्तर: यह झील महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में स्थित है, जिसका निर्माण हजारों वर्ष पूर्व बेसाल्ट चट्टानों पर उल्कापिंड के टकराने से हुआ था।

3. IUGS की वैश्विक भू-विरासत सूची में शामिल होने वाला भारत का पहला स्थल कौन सा था?

उत्तर: मेघालय राज्य में स्थित प्रसिद्ध मावम्लुह गुफा (Mawmluh Cave) वर्ष 2022 में इस प्रतिष्ठित वैश्विक सूची में स्थान बनाने वाला भारत का पहला स्थल थी।

4. लोनार झील को वैश्विक भूवैज्ञानिक विरासत स्थल के लिए किस भारतीय संस्था ने नामांकित किया था?

उत्तर: केंद्रीय खान मंत्रालय के अधीन कार्यरत भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (Geological Survey of India – GSI) ने लोनार झील का नामांकन भेजा था।

5. लोनार झील के पानी की प्रमुख रासायनिक विशेषता क्या है?

उत्तर: लोनार झील एक बंद बेसिन में स्थित है और इसका जल अत्यधिक खारा (Saline) तथा उच्च क्षारीय (Alkaline) प्रकृति का पाया जाता है।

Share Now ➤

क्या आपको Apni Pathshala के Courses, RNA PDF, Current Affairs, Test Series और Books से सम्बंधित कोई जानकारी चाहिए? तो हमारी विशेषज्ञ काउंसलर टीम आपकी सिर्फ समस्याओं के समाधान में ही मदद नहीं करेगीं, बल्कि आपको व्यक्तिगत अध्ययन योजना बनाने, समय का प्रबंधन करने और परीक्षा के तनाव को कम करने में भी मार्गदर्शन देगी।

Apni Pathshala के साथ अपनी तैयारी को मजबूत बनाएं और अपने सपनों को साकार करें। आज ही हमारी विशेषज्ञ टीम से संपर्क करें और अपनी सफलता की यात्रा शुरू करें

📞 +91 7878158882

Related Posts

Scroll to Top