Ethyl Chloroformate

संदर्भ:
हाल ही में वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के तहत व्यापार उपचार महानिदेशालय (DGTR) द्वारा चीन से आयातित ‘एथिल क्लोरोफॉर्मेट’ के खिलाफ एंटी-डंपिंग जांच शुरू की गई है। घरेलू उत्पादकों ने आरोप लगाया है कि चीनी कंपनियां इस केमिकल को भारतीय बाजार में ‘अनुचित रूप से कम कीमतों’ पर बेच रही हैं।
एथिल क्लोरोफॉर्मेट क्या हैं?
- परिचय: एथिल क्लोरोफॉर्मेट (एथिल क्लोरोकार्बोनेट) एक महत्वपूर्ण कार्बनिक रासायनिक मध्यवर्ती (Organic Chemical Intermediate) है। यह क्लोरोफॉर्मिक एसिड का एथिल एस्टर है।
- रासायनिक सूत्र: C₃H₅ClO₂ या ClCOOC₂H₅
- गंध: इसकी गंध बहुत तीखी और दम घोंटने वाली होती है। यह एक रंगहीन से हल्का पीला, पारदर्शी तरल है।
- क्वथनांक: 93 डिग्री सेल्सियस
- विलेयता: यह पानी में व्यावहारिक रूप से अघुलनशील है और पानी या नमी के संपर्क में आने पर विघटित हो जाता है।
- औद्योगिक निर्माण: एथिल क्लोरोफॉर्मेट का औद्योगिक उत्पादन मुख्य रूप से फॉस्जीन (Phosgene) और निर्जल एथेनॉल (Anhydrous Ethanol) के बीच होने वाली एस्टरीफिकेशन (Esterification) प्रतिक्रिया के माध्यम से किया जाता है।
प्रमुख अनुप्रयोग:
- फार्मास्युटिकल उद्योग: इसका उपयोग सक्रिय दवा सामग्री (APIs), पेप्टाइड संश्लेषण और संशोधित पेनिसिलिन जैसे एंटीबायोटिक बनाने में किया जाता है। यह अमीनो समूहों के लिए एक ‘प्रोटेक्टिंग एजेंट’ के रूप में भी कार्य करता है।
- कृषि रसायन (Agrochemicals): कीटनाशकों (Pesticides), शाकनाशियों (Herbicides) और कवकनाशियों (Fungicides) के निर्माण में यह एक आवश्यक मध्यवर्ती है।
- अन्य औद्योगिक उपयोग: अयस्क प्लवन एजेंटों (Ore Flotation Agents) के उत्पादन में, PVC के लिए एक स्टेबलाइजर के रूप में और प्लास्टिक और पॉलिमर के गुणों में संशोधन करने के लिए।
इससे संबंधी खतरे:
- विषाक्तता: यह श्वसन के माध्यम से और त्वचा के माध्यम से शरीर में अवशोषित हो सकता है। इसके धुएं से फेफड़ों में पानी भर सकता है।
- जलन: यह आंखों, त्वचा और श्लेष्म झिल्ली के संपर्क में आने पर गंभीर जलन और रासायनिक दहन पैदा करता है। यह एक लेक्रिमेटर भी है, जिससे आंखों से अत्यधिक आंसू आते हैं।
- ज्वलनशीलता: यह एक ‘अत्यधिक ज्वलनशील’ तरल है जिसका फ्लैश पॉइंट लगभग 16 डिग्री सेल्सियस या 61 डिग्री फारेनहाइट है, जो आग लगने का बड़ा खतरा पैदा करता है।
- प्रतिक्रियाशीलता: गर्म होने पर या आग की स्थिति में, यह अत्यधिक विषैली फॉस्जीन गैस और हाइड्रोजन क्लोराइड उत्सर्जित करता है।