Apni Pathshala

International Students’ Day: परिचय, इतिहास, एवं महत्व

International Students’ Day: परिचय, इतिहास, एवं महत्व

संदर्भ: 

प्रत्येक वर्ष 17 नवंबर को विश्व भर में अंतर्राष्ट्रीय छात्र दिवस (International Students’ Day) मनाया जाता है। 

अंतर्राष्ट्रीय छात्र दिवस के बारे में:

  • परिचय: International Students’ Day प्रतिवर्ष 17 नवंबर को वैश्विक स्तर पर मनाया जाने वाला एक महत्वपूर्ण दिवस है।
    • यह दिवस वर्ष 1939 में नाजी जर्मनी के क्रूर दमन का साहसपूर्वक सामना करने वाले छात्रों के बलिदान को स्मरण करने के लिए समर्पित है।
    • इस दिवस के दो प्रमुख आयाम हैं— पहला, अधिनायकवाद और दमन के विरुद्ध छात्र प्रतिरोध एवं शैक्षणिक स्वतंत्रता (Academic Freedom) की रक्षा करना; और दूसरा, दुनिया भर के विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाले अंतर्राष्ट्रीय छात्रों के बीच बहुसंस्कृतिवाद (Multiculturalism), विविधता और पारस्परिक सहयोग का उत्सव मनाना।
    • यह आधिकारिक रूप से संयुक्त राष्ट्र (United Nations – UN) द्वारा घोषित दिवस नहीं है। 
    • यह विश्व छात्र दिवस से अलग हैं। ‘विश्व छात्र दिवस’ (World Students’ Day) 15 अक्टूबर को मनाया जाता है, जो भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की जयंती के उपलक्ष्य में है। 
  • ऐतिहासिक पृष्ठभूमि: 1939 की प्राग त्रासदी (1939 Prague Tragedy): इस दिवस की जड़ें द्वितीय विश्व युद्ध (Second World War) के प्रारंभिक दौर में नाजी-अधिकृत चेकोस्लोवाकिया (वर्तमान चेक गणराज्य) की राजधानी प्राग (Prague) में घटी एक अत्यंत दुखद और ऐतिहासिक घटना से जुड़ी हैं: 
  • स्वतंत्रता दिवस का विरोध प्रदर्शन (28 अक्टूबर 1939): नाजी जर्मनी के कब्जे के विरोध में और चेकोस्लोवाक गणराज्य की स्थापना की वर्षगांठ मनाने के लिए प्राग के चार्ल्स विश्वविद्यालय (Charles University) के चिकित्सा संकाय के छात्रों और शिक्षकों ने एक शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया।
  • यान ओपलेटल की शहादत (Jan Opletal): नाजी सुरक्षा बलों ने इस प्रदर्शन को कुचलने के लिए गोलीबारी की, जिसमें चिकित्सा छात्र यान ओपलेटल (Jan Opletal) गंभीर रूप से घायल हो गए और 11 नवंबर 1939 को उनका निधन हो गया।
  • अंतिम यात्रा और जन-आक्रोश (15 नवंबर 1939): यान ओपलेटल की शवयात्रा में हजारों छात्र शामिल हुए, जो देखते ही देखते नाजी शासन के विरुद्ध एक विशाल जन-आंदोलन में बदल गई।
  • नाजी दमन और नरसंहार (17 नवंबर 1939): इसके प्रतिशोध में, 17 नवंबर 1939 की सुबह नाजी बलों ने छात्र छात्रावासों पर छापा मारा (Sonderaktion Prag)। उन्होंने नौ छात्र नेताओं और प्रोफेसरों को बिना किसी मुकदमे के मौत के घाट उतार दिया, 1,200 से अधिक छात्रों को गिरफ्तार कर सक्सनहाउज़न यातना शिविर (Sachsenhausen Concentration Camp) में भेज दिया और अगले तीन वर्षों के लिए सभी चेक उच्च शिक्षण संस्थानों को बंद कर दिया। 
  • अंतर्राष्ट्रीय घोषणा:
  • लंदन में ऐतिहासिक घोषणा (1941): इन शहीद छात्रों के बलिदान को अमर बनाने के लिए, निर्वासित चेकोस्लोवाक छात्रों और 14 मित्र देशों के छात्र प्रतिनिधियों की पहल पर 1941 में लंदन (London) में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय छात्र परिषद (International Students’ Council) की बैठक में 17 नवंबर को ‘अंतर्राष्ट्रीय छात्र दिवस’ घोषित किया गया।
  • मखमली क्रांति से जुड़ाव (Velvet Revolution – 1989): इस दिवस के ठीक 50 वर्ष बाद, 17 नवंबर 1989 को प्राग में कम्युनिस्ट शासन के विरुद्ध छात्रों ने एक शांतिपूर्ण स्मृति रैली निकाली।
    • पुलिस द्वारा किए गए क्रूर दमन के बाद पूरे देश में हड़तालें शुरू हो गईं, जिसने अहिंसक ‘मखमली क्रांति’ (Velvet Revolution) को जन्म दिया और चेकोस्लोवाकिया में लोकतंत्र की बहाली हुई। आज भी चेक गणराज्य और स्लोवाकिया में 17 नवंबर को ‘स्वतंत्रता और लोकतंत्र के लिए संघर्ष दिवस’ (Struggle for Freedom and Democracy Day) के रूप में राष्ट्रीय अवकाश रहता है।
  • वैश्विक पुनरुद्धार (2004 मुंबई सम्मेलन): शीत युद्ध की समाप्ति के बाद कुछ वर्षों तक इसका आयोजन सीमित रहा, लेकिन वर्ष 2004 में भारत के मुंबई में आयोजित ‘विश्व सामाजिक मंच’ (World Social Forum) के दौरान अंतर्राष्ट्रीय छात्र संगठनों ने वैश्विक शिक्षा अधिकारों के लिए इस दिवस को पुनः बड़े पैमाने पर सक्रिय किया।

वर्तमान संदर्भ में महत्व:

  • शैक्षणिक स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा (Academic Freedom & Democracy): यह दिवस इस बात की पुष्टि करता है कि विश्वविद्यालय स्वतंत्र विचार, आलोचनात्मक चिंतन और लोकतांत्रिक संवाद के केंद्र होने चाहिए, जहाँ छात्रों को बिना किसी भय के अपने विचार व्यक्त करने की स्वतंत्रता प्राप्त हो। 
  • सतत विकास लक्ष्य-4 (SDG 4 – Quality Education): यह आयोजन संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्य 4 के अनुरूप सभी के लिए समावेशी, समान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा (Inclusive and Equitable Quality Education) सुनिश्चित करने की वैश्विक प्रतिबद्धता को गति देता है। 
  • सांस्कृतिक विविधता और वैश्विक नागरिकता (Cultural Diversity & Global Citizenship): वैश्वीकरण के युग में लाखों छात्र उच्च शिक्षा के लिए विदेश जाते हैं। यह दिवस विभिन्न संस्कृतियों के छात्रों के बीच सद्भाव, सहिष्णुता और वैश्विक बंधुत्व को बढ़ावा देता है। 
  • राष्ट्रीय नीतियों और युवा सशक्तिकरण से जुड़ाव (Youth Empowerment & NEP 2020): भारत जैसे युवा जनसांख्यिकीय लाभांश वाले देश में, यह दिवस राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020) के लक्ष्यों—जैसे अनुसंधान नवाचार, कौशल विकास और उच्च शिक्षा के अंतर्राष्ट्रीयकरण—के प्रति जागरूकता बढ़ाने का अवसर प्रदान करता है।

Frequently Asked Questions

प्रश्न 1: अंतर्राष्ट्रीय छात्र दिवस (International Students’ Day) कब और क्यों मनाया जाता है?

उत्तर: अंतर्राष्ट्रीय छात्र दिवस प्रतिवर्ष 17 नवंबर को वर्ष 1939 में नाजी दमन के विरुद्ध लड़ने वाले चेक छात्रों के बलिदान की स्मृति में मनाया जाता है। 

प्रश्न 2: 17 नवंबर 1939 को प्राग विश्वविद्यालय में क्या ऐतिहासिक घटना हुई थी?

उत्तर: 17 नवंबर 1939 को नाजी सेना ने प्राग के विश्वविद्यालय बंद कर नौ छात्र नेताओं को मृत्युदंड दिया और 1,200 छात्रों को यातना शिविर भेजा।

प्रश्न 3: अंतर्राष्ट्रीय छात्र दिवस की आधिकारिक शुरुआत कब और कहाँ हुई थी?

उत्तर: इसकी आधिकारिक घोषणा वर्ष 1941 में लंदन (यूनाइटेड किंगडम) में अंतर्राष्ट्रीय छात्र परिषद द्वारा 14 देशों के प्रतिनिधियों की सहमति से की गई थी। 

प्रश्न 4: यान ओपलेटल (Jan Opletal) कौन थे और इस दिवस से उनका क्या संबंध है?

उत्तर: यान ओपलेटल प्राग के चिकित्सा छात्र थे, जिनकी 1939 में नाजी विरोधी प्रदर्शन में शहादत के बाद छात्रों के ऐतिहासिक प्रतिरोध की शुरुआत हुई।

प्रश्न 5: विश्व छात्र दिवस और अंतर्राष्ट्रीय छात्र दिवस में क्या मुख्य अंतर है?

उत्तर: विश्व छात्र दिवस 15 अक्टूबर को डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की जयंती पर, जबकि अंतर्राष्ट्रीय छात्र दिवस 17 नवंबर को छात्र अधिकारों हेतु मनाया जाता है।

Share Now ➤

क्या आपको Apni Pathshala के Courses, RNA PDF, Current Affairs, Test Series और Books से सम्बंधित कोई जानकारी चाहिए? तो हमारी विशेषज्ञ काउंसलर टीम आपकी सिर्फ समस्याओं के समाधान में ही मदद नहीं करेगीं, बल्कि आपको व्यक्तिगत अध्ययन योजना बनाने, समय का प्रबंधन करने और परीक्षा के तनाव को कम करने में भी मार्गदर्शन देगी।

Apni Pathshala के साथ अपनी तैयारी को मजबूत बनाएं और अपने सपनों को साकार करें। आज ही हमारी विशेषज्ञ टीम से संपर्क करें और अपनी सफलता की यात्रा शुरू करें

📞 +91 7878158882

Related Posts

Scroll to Top