Apni Pathshala

NASA Voyager 1 अंतरिक्ष यान: पृथ्वी से One Light-Day Distance का मील का पत्थर किया पार

NASA Voyager 1 अंतरिक्ष यान: पृथ्वी से One Light-Day Distance का मील का पत्थर किया पार

संदर्भ:

हाल ही में नासा (NASA) के अंतरिक्ष यान वॉयजर 1 (Voyager 1) ने पृथ्वी से एक प्रकाश-दिवसीय दूरी (One Light-Day Distance) का अभूतपूर्व मील का पत्थर पार किया। यह मानव इतिहास में इतनी दूर पहुँचने वाली पहली मानव-निर्मित वस्तु बन गई है।

नासा का Voyager 1 अंतरिक्ष यान:

  • प्रक्षेपण (Launch): वॉयजर 1 को 5 सितंबर 1977 को फ्लोरिडा के केप कैनावेरल से टाइटन IIIE रॉकेट (Titan IIIE Rocket) के माध्यम से प्रक्षेपित किया गया था। 
  • उद्देश्य: इसे मूल रूप से बृहस्पति और शनि ग्रहों के अध्ययन के लिए केवल चार से पाँच वर्षों के मिशन के रूप में डिजाइन किया गया था।
  • ऊर्जा स्रोत (Power Source): वॉयजर 1 तीन रेडियोआइसोटोप थर्मोइलेक्ट्रिक जेनरेटर (Radioisotope Thermoelectric Generators – RTGs) द्वारा संचालित है, जो प्लूटोनियम-238 के रेडियोधर्मी क्षय से उत्पन्न ऊष्मा को बिजली में बदलते हैं।
    • घटती बिजली आपूर्ति को बचाने के लिए नासा के इंजीनियरों ने अप्रैल 2026 में इसके ‘लो-एनर्जी चार्ज्ड पार्टिकल’ उपकरण को बंद किया और सितंबर 2026 में ‘द बिग बैंग’ (The Big Bang) नामक एक जटिल तकनीकी प्रक्रिया के तहत पुराने उपकरणों को बंद कर कम बिजली वाले विकल्पों को सक्रिय किया।
  • ग्रहीय खोजें (Planetary Discoveries): इसने 1979 में बृहस्पति और 1980 में शनि के निकट से गुजरते हुए अभूतपूर्व जानकारी दी।
    • इसने बृहस्पति के चंद्रमा आयो (Io) पर सक्रिय ज्वालामुखियों की खोज की और शनि के चंद्रमा टाइटन (Titan) के घने वायुमंडल का अध्ययन किया।
  • पेल ब्लू डॉट (Pale Blue Dot): 14 फरवरी 1990 को सौरमंडल के बाहरी छोर से वॉयजर 1 ने पृथ्वी की सबसे प्रसिद्ध और दूरस्थ तस्वीर ली, जिसे खगोलविद कार्ल सागन के सुझाव पर ‘पेल ब्लू डॉट’ नाम दिया गया।
  • अंतरतारकीय अंतरिक्ष में प्रवेश (Interstellar Space): अगस्त 2012 में वॉयजर 1 सूर्य के चुंबकीय क्षेत्र और सौर पवनों के प्रभाव क्षेत्र हेलियोस्फीयर (Heliosphere) की सीमा हेलियोपॉज (Heliopause) को पार कर अंतरतारकीय अंतरिक्ष में प्रवेश करने वाला पहला यान बना।
  • द गोल्डन रिकॉर्ड (The Golden Record): यह यान अपने साथ 12 इंच की सोने की परत चढ़ी तांबे की एक डिस्क ले जा रहा है।
    • इसमें पृथ्वी की प्राकृतिक ध्वनियाँ, 55 भाषाओं में अभिवादन (हिंदी सहित), संगीत और मानव सभ्यता की तस्वीरें संग्रहीत हैं, जो किसी संभावित परग्रही सभ्यता के लिए मानवता का संदेश है।

NASA Voyager 1 एक प्रकाश-दिवस (One Light-Day) दूरी: 

नासा की जेट प्रोपल्शन लेबोरेटरी (Jet Propulsion Laboratory – JPL) के अनुसार, वॉयजर 1 ने 18 नवंबर 2026 को भारतीय समयानुसार दोपहर 3:46:07 बजे (5:16:07 a.m. EST / 10:16:07 UTC) इस दूरी को पार किया। 

  • प्रकाश-दिवस समय का नहीं, बल्कि खगोलीय दूरी का मापक है। प्रकाश लगभग 3,00,000 किलोमीटर (1,86,000 मील) प्रति सेकंड की गति से यात्रा करता है। 24 घंटों में प्रकाश द्वारा तय की गई कुल दूरी को एक प्रकाश-दिवस कहा जाता है।
  • सटीक दूरी और गति: यह दूरी पृथ्वी से लगभग 25.9 अरब किलोमीटर (16.094 अरब मील) या 173.14 खगोलीय इकाइयों (Astronomical Units – AU) के बराबर है।
    • यह पृथ्वी और सूर्य के बीच की दूरी का लगभग 173 गुना है। वॉयजर 1 लगभग 61,000 किलोमीटर प्रति घंटे (38,000 मील प्रति घंटे) की रफ्तार से यात्रा करते हुए 49 वर्ष, 2 महीने और 11 दिनों में यहाँ पहुँचा है।
  • संचार विलंब (Communication Delay): इस दूरी का व्यावहारिक अर्थ यह है कि पृथ्वी से नासा के डीप स्पेस नेटवर्क (Deep Space Network – DSN) द्वारा भेजा गया कोई भी रेडियो सिग्नल प्रकाश की गति से चलने के बावजूद वॉयजर 1 तक पहुँचने में पूरे 24 घंटे लेगा। यान से उसकी प्रतिक्रिया वापस पृथ्वी पर आने में अगले 24 घंटे लगेंगे, जिससे दोतरफा संवाद में कुल 48 घंटे का समय लगेगा।
    • इस उपलब्धि का जश्न मनाने के लिए नासा ने 17 नवंबर 2026 की शाम को ‘शाइन ब्राइट फॉर वॉयजर्स लाइट-डे’ (Shine Bright for Voyager’s Light-Day) अभियान चलाया, जिसमें विश्व भर के लोगों ने मोर्स कोड (Morse Code) में ‘V-G-R’ (वॉयजर का कॉल साइन) की रोशनी आकाश की ओर चमकाई।

वॉयजर 1 की भविष्य की यात्रा:

  • वॉयजर 2 की स्थिति: इसके जुड़वां यान वॉयजर 2 (जिसे 20 अगस्त 1977 को लॉन्च किया गया था) ने यूरेनस और नेपच्यून का भी दौरा किया था। धीमी गति और अलग प्रक्षेपवक्र के कारण वॉयजर 2 नवंबर 2035 में एक प्रकाश-दिवस की दूरी पर पहुँचेगा।
  • ओर्ट क्लाउड और ग्लिसे 445 तारा: वॉयजर 1 को हमारे सौरमंडल के बर्फीले छोर ओर्ट क्लाउड (Oort Cloud) के आंतरिक किनारे तक पहुँचने में लगभग 300 वर्ष और उसे पार करने में 30,000 वर्ष लगेंगे।
    • एक पूर्ण प्रकाश-वर्ष (One Light-Year) की दूरी तय करने में इसे लगभग 18,000 वर्ष लगेंगे। लगभग 40,000 वर्षों के बाद यह उर्सा माइनर तारामंडल के ग्लिसे 445 (Gliese 445 / AC +79 3888) तारे के करीब से गुजरेगा।

इसका महत्व:

  • अंतरतारकीय माध्यम का प्रत्यक्ष अध्ययन (Direct Study of Interstellar Medium): वॉयजर 1 ही एकमात्र ऐसा उपकरण है जो सूर्य के सुरक्षा कवच से बाहर ब्रह्मांडीय किरणों (Cosmic Rays), चुंबकीय क्षेत्रों और प्लाज्मा घनत्व का प्रत्यक्ष डेटा पृथ्वी पर भेज रहा है।
  • ब्रह्मांड की विशालता का प्रमाण (Scale of the Universe): प्रकाश को जो दूरी तय करने में केवल 24 घंटे लगते हैं, उसे मानव द्वारा निर्मित सबसे तेज यानों में से एक को तय करने में लगभग आधी सदी (49 वर्ष) लग गई।
    • यह खगोलीय दूरियों की विशालता और मानव इंजीनियरिंग की उत्कृष्टता को दर्शाता है।
  • दीर्घकालिक अंतरिक्ष अभियानों के लिए प्रेरणा (Inspiration for Deep Space Missions): 1970 के दशक की तकनीक से निर्मित इस यान का 49 वर्षों तक सक्रिय रहना भविष्य के गहरे अंतरिक्ष अभियानों (जैसे इंटरस्टेलर प्रोब) के लिए इंजीनियरिंग और स्वायत्त नेविगेशन का एक आदर्श मानक प्रस्तुत करता है।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs)

प्रश्न 1: नासा का Voyager 1 अंतरिक्ष यान पृथ्वी से एक प्रकाश-दिवस (One Light-Day) की दूरी पर कब पहुँचा?

उत्तर: नासा का वॉयजर 1 अंतरिक्ष यान 18 नवंबर 2026 को पृथ्वी से एक प्रकाश-दिवस यानी लगभग 25.9 अरब किलोमीटर की ऐतिहासिक दूरी पर पहुँचा।

प्रश्न 2: अंतरिक्ष विज्ञान में ‘एक प्रकाश-दिवस’ (One Light-Day) का क्या अर्थ होता है?

उत्तर: एक प्रकाश-दिवस दूरी की एक इकाई है, जो प्रकाश द्वारा 24 घंटों में तय की गई लगभग 25.9 अरब किलोमीटर दूरी को दर्शाती है।

प्रश्न 3: Voyager 1 से पृथ्वी तक रेडियो सिग्नल पहुँचने में अब कितना समय लगता है?

उत्तर: एक प्रकाश-दिवस की दूरी पार करने के बाद वॉयजर 1 से पृथ्वी तक एकतरफा रेडियो सिग्नल पहुँचने में पूरे 24 घंटे लगते हैं। 

प्रश्न 4: नासा द्वारा Voyager 1 मिशन कब लॉन्च किया गया था और इसका प्रारंभिक उद्देश्य क्या था?

उत्तर: वॉयजर 1 को 5 सितंबर 1977 को लॉन्च किया गया था, जिसका प्रारंभिक उद्देश्य बृहस्पति और शनि ग्रहों तथा उनके चंद्रमाओं का अध्ययन करना था। 

प्रश्न 5: Voyager 1 में लगा ‘गोल्डन रिकॉर्ड’ (Golden Record) क्या है?

उत्तर: यह यान पर लगी सोने की परत वाली एक तांबे की डिस्क है, जिसमें परग्रही सभ्यताओं के लिए पृथ्वी की ध्वनियाँ, संगीत और तस्वीरें हैं।

Share Now ➤

क्या आपको Apni Pathshala के Courses, RNA PDF, Current Affairs, Test Series और Books से सम्बंधित कोई जानकारी चाहिए? तो हमारी विशेषज्ञ काउंसलर टीम आपकी सिर्फ समस्याओं के समाधान में ही मदद नहीं करेगीं, बल्कि आपको व्यक्तिगत अध्ययन योजना बनाने, समय का प्रबंधन करने और परीक्षा के तनाव को कम करने में भी मार्गदर्शन देगी।

Apni Pathshala के साथ अपनी तैयारी को मजबूत बनाएं और अपने सपनों को साकार करें। आज ही हमारी विशेषज्ञ टीम से संपर्क करें और अपनी सफलता की यात्रा शुरू करें

📞 +91 7878158882

Related Posts

Scroll to Top