SEBI की म्युनिसिपल बॉन्ड मार्केट सुधार नीति

संदर्भ:
हाल ही में भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) ने भारत के म्युनिसिपल बॉन्ड मार्केट को मजबूत करने और शहरी स्थानीय निकायों (ULBs) के वित्तीय ढांचे में सुधार के लिए एक महत्वपूर्ण परामर्श पत्र (Consultation Paper) जारी किया।
प्रस्तावित प्रमुख नीतिगत सुधार:
- ऋण का पुनर्वित्तपोषण (Debt Refinancing): शहरी निकायों को अब अपने पुराने और महंगे कर्ज को चुकाने (Refinance) के लिए नए बॉन्ड जारी करने की स्पष्ट अनुमति होगी। इसके साथ ही पुराने कर्जदाताओं, पुनर्भुगतान की समय-सीमा और ब्याज लागत का पूर्ण खुलासा (Detailed Disclosure) अनिवार्य किया गया है।
- पूल फाइनेंसिंग ढांचा (Pooled Financing Model): दो या दो से अधिक छोटी नगरपालिकाएं एक विशेष प्रयोजन वाहन (SPV) या पूल्ड फाइनेंस व्हीकल के माध्यम से संयुक्त रूप से धन जुटा सकेंगी। इससे कमजोर वित्तीय स्थिति वाले छोटे शहरों को पूंजी बाजार तक पहुंच मिलेगी।
- फंड के उपयोग पर सीमा (Use of Proceeds Cap): बॉन्ड से प्राप्त कुल राशि का अधिकतम 25% ही वर्किंग कैपिटल (कार्यशील पूंजी) के रूप में उपयोग किया जा सकेगा। इन पैसों का उपयोग किसी सामान्य या गैर-परियोजना कार्यों के लिए करने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
- खुदरा निवेशकों के लिए कम फेस वैल्यू (Lower Face Value): निजी प्लेसमेंट (Private Placement) के जरिए जारी होने वाले बॉन्ड की न्यूनतम फेस वैल्यू को घटाकर ₹10,000 या ₹1,000,000 करने का प्रस्ताव है। ₹10,000 की फेस वैल्यू वाले बॉन्ड की परिपक्वता अवधि निश्चित (Fixed Maturity) होगी।
- निवेशक प्रोत्साहन और ESG बॉन्ड: वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और खुदरा निवेशकों को आकर्षित करने के लिए अतिरिक्त ब्याज या छूट (Incentives) देने का प्रावधान है। साथ ही, पर्यावरण और सामाजिक रूप से टिकाऊ परियोजनाओं के लिए ESG-लिंक्ड म्युनिसिपल बॉन्ड पेश करने का प्रस्ताव है।
भारत में म्युनिसिपल बॉन्ड की वर्तमान स्थिति:
भारत में म्युनिसिपल बॉन्ड बाजार वैश्विक मानकों (जैसे अमेरिका का $4 ट्रिलियन बाजार) की तुलना में बहुत छोटा और अविकसित है। SEBI के आंकड़ों के अनुसार, 31 मार्च 2026 तक केवल 22 नगर निगमों ने ही पूंजी बाजार से 31 इश्यू के माध्यम से कुल ₹4,540.34 करोड़ जुटाए हैं।
इस सुधार की आवश्यकता क्यों है?
- वित्तीय स्वायत्तता (Financial Autonomy): 74वें संविधान संशोधन अधिनियम, 1992 के तहत ULBs को वित्तीय रूप से स्वतंत्र बनाने की परिकल्पना की गई थी। ये सुधार नगर निकायों की केंद्र और राज्य सरकारों के अनुदानों (Grants) पर निर्भरता कम करेंगे।
- शहरीकरण की चुनौतियाँ: तीव्र शहरीकरण के कारण जल आपूर्ति, सीवरेज, परिवहन और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन जैसी सार्वजनिक सेवाओं के बुनियादी ढांचे के लिए बड़े पैमाने पर दीर्घकालिक पूंजी की आवश्यकता है।
- क्रेडिट रेटिंग और जवाबदेही: पूल्ड व्यवस्था में शामिल प्रत्येक नगरपालिका की स्वतंत्र क्रेडिट रेटिंग की जाएगी। इससे स्थानीय स्तर पर वित्तीय अनुशासन और सुशासन (Governance) को बढ़ावा मिलेगा।
- कमजोर वित्तीय स्वास्थ्य: भारत की अधिकांश नगरपालिकाओं का अपना राजस्व (Own-Source Revenue) बहुत सीमित है और उनका बही-खाता (Accounting) पारदर्शी नहीं है।
- कम तरलता (Low Liquidity): द्वितीयक बाजार (Secondary Market) में म्युनिसिपल बॉन्डों की खरीद-बिक्री बहुत कम होती है, जिससे खुदरा निवेशक इसमें रुचि नहीं लेते।
आगे की राह:
म्युनिसिपल बॉन्ड मार्केट को पूर्ण रूप से जीवंत बनाने के लिए SEBI के इन नियामक सुधारों के साथ-साथ जमीनी स्तर पर भी बदलाव आवश्यक हैं। नगर निकायों को अपनी कर-संग्रह क्षमता (जैसे संपत्ति कर) में सुधार कर अपने आंतरिक राजस्व स्रोतों को मजबूत करना होगा। इसके अतिरिक्त, निवेशकों की सुरक्षा के लिए प्रस्तावित एस्क्रो तंत्र (Escrow Mechanism) और सिंकिंग फंड व्यवस्था को कड़ाई से लागू किया जाना चाहिए ताकि समय पर भुगतान सुनिश्चित हो सके।