मेड इन इंडिया ब्रांड स्कीम

संदर्भ:
भारत सरकार द्वारा “मेड इन इंडिया ब्रांड स्कीम” (Made in India Brand Scheme) को लॉन्च करने की तैयारी की जा रही है, जो विशेष रूप से घरेलू विनिर्माण को सुदृढ़ करने और आयात पर निर्भरता कम करने के लिए डिज़ाइन की गई है।
प्रमुख उद्देश्य:
- उत्पादन अंतराल को भरना (Plugging Gaps): सरकार ने ऐसे 100 उत्पादों की पहचान की है जो या तो भारत में बनते नहीं हैं या उनकी मात्रा बहुत कम है (जैसे ऑटोमोबाइल एक्सल और मोटरसाइकिल घटक)। इस योजना का लक्ष्य इन अंतरालों को पाटकर आयात निर्भरता कम करना है।
- ‘मिसिंग मिडल’ को लक्षित करना: इसके तहत मध्यवर्ती वस्तुओं (Intermediate Goods) के उत्पादन और MSMEs की क्षमता विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि वे वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला का हिस्सा बन सकें।
- गुणवत्ता और प्रामाणिकता का आश्वासन: इस ब्रांड का मुख्य ध्येय वैश्विक स्तर पर यह भरोसा दिलाना है कि ‘Made in India’ का अर्थ उच्च गुणवत्ता और प्रामाणिक मूल्य संवर्धन है।
योजना की मुख्य विशेषताएं:
- नोडल एजेंसी: यह पहल वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले DPIIT द्वारा संचालित की जा रही है। इसमें भारतीय गुणवत्ता परिषद (QCI) और इंडिया ब्रांड इक्विटी फाउंडेशन (IBEF) सलाहकार के रूप में सहयोग कर रहे हैं।
- स्वैच्छिक प्रमाणन (Voluntary Certification): यह एक स्वैच्छिक प्रमाणन तंत्र है, जिसके तहत निर्माता यह प्रमाणित कर सकते हैं कि उनके उत्पाद गुणवत्ता मानकों पर खरे हैं और भारत में निर्मित हैं।
- लोगो और क्यूआर कोड (Logo & QR Code): योजना के तहत उत्पादों को एक विशिष्ट लोगो और QR कोड दिया जाएगा। क्यूआर कोड स्कैन करने पर निर्माण का स्थान, प्रमाणन की वैधता और घरेलू मूल्य संवर्धन (Value Addition) की जानकारी मिलेगी।
- सफल पायलट प्रोजेक्ट: इस ब्रांडिंग तंत्र का पहला सफल प्रायोगिक परीक्षण (Pilot Run) इस्पात (Steel) क्षेत्र में किया गया है।
- वित्तीय आवंटन: सरकार ने इस योजना के प्रारंभिक क्रियान्वयन और प्रचार-प्रसार के लिए 3 वर्षों के लिए ₹995 करोड़ का बजट प्रस्तावित किया है।
सकारात्मक प्रभाव:
- निर्यात संवर्धन (Export Push): भारत द्वारा हाल ही में हस्ताक्षरित मुक्त व्यापार समझौतों (FTAs) का लाभ उठाने में यह योजना मील का पत्थर साबित होगी, क्योंकि ब्रांडेड उत्पादों को विदेशी बाजारों में प्राथमिकता मिलती है।
- आत्मनिर्भर भारत को गति: यह पहल ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियानों के बीच एक पुल का काम करती है। जिससे आत्मनिर्भर भारत को गति मिलने में सहायता मिलेगी।
- प्रौद्योगिकी का एकीकरण: निर्माण क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का उपयोग कर उत्पादकता बढ़ाने और डिजिटल सत्यापन (QR कोड) से पारदर्शिता सुनिश्चित करने में आसानी होगी।
संभावित चुनौतियाँ:
- टैरिफ की अनिश्चितता: भारत की व्यापार नीति में टैरिफ संरचनाओं की अप्रत्याशितता के कारण उद्योगों को दीर्घकालिक निवेश निर्णय लेने में कठिनाई होती है।
- सख्त ऑडिट और अनुपालन: ‘मेड इन इंडिया’ लेबल के दुरुपयोग को रोकने के लिए सरकार को न्यूनतम 50% स्थानीय मूल्य संवर्धन मानदंडों का कड़ा ऑडिट करना होगा, जो सूक्ष्म व लघु उद्योगों के लिए अनुपालन का बोझ बढ़ा सकता है।
- बुनियादी ढांचे की कमी: वैश्विक मानकों से प्रतिस्पर्धा करने के लिए लॉजिस्टिक्स लागत को कम करना और विश्वस्तरीय परीक्षण प्रयोगशालाओं का जाल बिछाना अनिवार्य होगा।