कादियां-ब्यास रेलवे लाइन परियोजना
संदर्भ:
हाल ही में भारत सरकार ने पंजाब के माझा क्षेत्र के लिए लगभग एक शताब्दी (100 वर्ष) से अटकी पड़ी कादियां-ब्यास रेलवे लाइन परियोजना (Qadian Beas Railway Line) को मंजूरी देते हुए लगभग ₹1,400 करोड़ का बजट आवंटित किया।
कादियां-ब्यास रेलवे लाइन परियोजना (Qadian Beas Railway Line) के बारे मे
- परिचय: यह पंजाब के माझा क्षेत्र में बनने वाली एक नई ब्रॉडगेज रेल लाइन है। यह मार्ग विशेष रूप से उन क्षेत्रों को जोड़ेगा जो अब तक राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से अछूते थे।
- निर्माणकर्ता (Implementing Agency): इस परियोजना का क्रियान्वयन भारतीय रेलवे (Indian Railways) के अंतर्गत उत्तरी रेलवे (Northern Railway) द्वारा किया जाएगा।
- अनुमानित लागत: केंद्र सरकार ने इस संपूर्ण परियोजना के लिए लगभग ₹1,400 करोड़ की संशोधित राशि स्वीकृत की है।
- पृष्ठभूमि: इस परियोजना की परिकल्पना वित्तीय वर्ष 1928-29 में तत्कालीन ‘नॉर्थ-वेर्न रेलवे’ द्वारा की गई थी।
- 1930 के दशक की शुरुआत में ट्रैक का लगभग 33 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका था। हालांकि, 1932 में बदलती परिस्थितियों और बजटीय प्राथमिकताओं के कारण इसे बंद कर दिया गया।
- संप्रग (UPA) सरकार के दौरान इसे ‘सामाजिक रूप से वांछनीय रेल संपर्क कार्यक्रम’ (Socially Desirable Rail Connectivity Programme) के तहत 2010-11 के पूरक बजट में शामिल किया गया था। लेकिन भूमि अधिग्रहण और राजनीतिक बाधाओं के कारण यह योजना ठंडे बस्ते में चली गई थी।
- जून 2026 में, प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व में इस पंजाब रेलवे परियोजना (Punjab Railway Project) को अंतिम मंजूरी देकर पुनर्जीवित किया गया है।
परियोजना की प्रमुख विशेषताएं:
- कुल लंबाई: इस ब्रॉडगेज रेल लिंक की कुल लंबाई 39.68 किलोमीटर होगी।
- कनेक्टिविटी रूट (Rail Connectivity): यह ट्रैक मुख्य रूप से गुरदासपुर जिले के कादियां शहर को अमृतसर जिले के ब्यास से जोड़ेगा।
- कवर होने वाले प्रमुख क्षेत्र: यह रेल मार्ग कादियां, धापाई, घुमन, बुटाला, साथियाला और ब्यास जैसे महत्वपूर्ण ग्रामीण और अर्ध-शहरी केंद्रों से होकर गुजरेगा।
- स्टेशन: मार्ग में घुमन और बुटाला में दो नए क्रॉसिंग स्टेशनों का निर्माण किया जाएगा।
- पुल और अंडरपास: इस परियोजना के तहत 11 बड़े पुल, 121 छोटे पुल और 54 रोड अंडरब्रिज (RUB) बनाए जाएंगे।
- कवच सुरक्षा प्रणाली: सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए, इस लाइन पर भारत की स्वदेशी ट्रेन दुर्घटना निवारण प्रणाली ‘कवच’ (Kavach) को तैनात किया जाएगा।
महत्व:
- धार्मिक पर्यटन का विकास: कादियां अहमदिया मुस्लिम समुदाय का अंतर्राष्ट्रीय मुख्यालय है, जबकि ब्यास राधा स्वामी संप्रदाय (डेरा बाबा जैमल सिंह) का वैश्विक केंद्र है। इस लाइन के बनने से देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को यात्रा में आसानी होगी। इसके अलावा श्री दरबार साहिब, डेरा बाबा नानक और घुमन में गुरुद्वारा भगत नामदेव जी तक पहुंच आसान होगी।
- किसानों और कृषि को लाभ: इस क्षेत्र के किसानों को अपनी फसल और कृषि उत्पादों को बड़े बाजारों तक तेजी से और कम लागत में पहुंचाने की सुविधा मिलेगी।
- औद्योगिक पुनरुद्धार: इस रेल लिंक से नजदीकी स्टील मैन्युफैक्चरिंग हब बटाला के औद्योगिक क्षेत्र को नया जीवन मिलेगा, क्योंकि माल ढुलाई की परिचालन लागत काफी कम हो जाएगी।
- रोजगार सृजन: निर्माण अवधि और परिचालन शुरू होने के बाद स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
- वैकल्पिक मार्ग तैयार करना: आपातकालीन स्थितियों के लिए संवेदनशील अमृतसर-पठानकोट रेल खंड का एक मजबूत और सुरक्षित वैकल्पिक रेल मार्ग विकसित किया जाएगा।
FAQs:
प्र.1: कादियां-ब्यास रेलवे लाइन परियोजना क्या है?
यह पंजाब के माझा क्षेत्र में लगभग 39.68 किलोमीटर लंबी एक नई ब्रॉडगेज रेल लाइन निर्माण परियोजना है, जिसे ₹1,400 करोड़ की लागत से पुनर्जीवित किया गया है।
प्र.2: यह परियोजना किन क्षेत्रों को जोड़ेगी?
यह रेल लाइन गुरदासपुर के कादियां को अमृतसर के ब्यास से जोड़ेगी और मार्ग में धपाई, घुमन, बुटाला और साथियाला को आपस में लिंक करेगी।
प्र.3: इस परियोजना का उद्देश्य क्या है?
इसका उद्देश्य माझा क्षेत्र में रेल संपर्क बढ़ाना, संवेदनशील अमृतसर-पठानकोट मार्ग का वैकल्पिक रूट बनाना और धार्मिक पर्यटन व स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देना है।
प्र.4: इससे यात्रियों को क्या लाभ होगा?
यात्रियों को सुगम, सुरक्षित और तीव्र परिवहन मिलेगा। विशेषकर अहमदिया मुख्यालय कादियां और राधा स्वामी डेरा ब्यास जाने वाले श्रद्धालुओं की राह आसान होगी।
प्र.5: यह रेलवे परियोजना क्यों महत्वपूर्ण है?
यह 100 साल पुरानी ऐतिहासिक योजना है, जो पंजाब में आर्थिक समृद्धि लाएगी, बटाला उद्योगों को गति देगी और स्वदेशी सुरक्षा प्रणाली ‘कवच’ से लैस होगी।
