यंग लॉयर्स प्रोफेशनल असिस्टेंस फंड
संदर्भ:
हाल ही में सर्वोच्च न्यायालय (Supreme Court of India) ने देश के कानूनी तंत्र में बदलाव करने हेतु यंग लॉयर्स प्रोफेशनल असिस्टेंस फंड (Young Lawyers Professional Assistance Fund) गठित करने का पुरजोर समर्थन किया।
- चीफ जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने इस समस्या को दूर करने के लिए राज्यों और केंद्र सरकार को इस विशेष राहत कोष के निर्माण की रूपरेखा तैयार करने का निर्देश दिया है।
यंग लॉयर्स प्रोफेशनल असिस्टेंस फंड (Young Lawyers Professional Assistance Fund) क्या हैं?
- परिचय : यह नव-नामांकित और संघर्षरत वकीलों को उनके शुरुआती करियर में वित्तीय स्थिरता प्रदान करने के लिए प्रस्तावित एक समर्पित राष्ट्रीय सहायता कोष है।
- संचालन और नियंत्रण (Management & Control): निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इस फंड को संबंधित क्षेत्रीय उच्च न्यायालयों (High Courts) या केंद्र सरकार द्वारा राज्य सरकारों के परामर्श से गठित किसी स्वायत्त निकाय (Autonomous Body) के सीधे नियंत्रण में रखने का सुझाव दिया गया है।
- सहयोग और कानूनी ढांचा: इस योजना के सुचारू संचालन के लिए बार काउंसिल ऑफ इंडिया (Bar Council of India) और सभी राज्यों के बार काउंसिलों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। सर्वोच्च न्यायालय ने इसके लिए एक वैधानिक कानूनी ढांचा बनाने पर भी बल दिया है।
योजना का मुख्य उद्देश्य:
- वित्तीय सुरक्षा प्रदान करना: शुरुआती 3 से 7 वर्षों के कठिन दौर में युवा वकीलों को बुनियादी जीवन स्तर बनाए रखने के लिए मासिक वजीफा (स्टाइपेंड) सुनिश्चित करना।
- प्रतिभा पलायन रोकना: आर्थिक कठिनाइयों के कारण वकीलों द्वारा कोर्ट प्रैक्टिस छोड़कर कॉपोरेट नौकरियों या अन्य व्यवसायों की ओर जाने की प्रवृत्ति को थामना।
- समान अवसर सुनिश्चित करना: पैरवी की दुनिया में बिना किसी पारिवारिक या गॉडफादर बैकग्राउंड के आने वाले वकीलों के लिए एक समान धरातल तैयार करना।
फंड के स्रोत और वित्तीय ढांचा:
- सफल वकीलों का योगदान: वरिष्ठ और स्थापित अधिवक्ताओं द्वारा किए जाने वाले स्वैच्छिक या नियमबद्ध दान। दाताओं को आकर्षित करने के लिए सरकार द्वारा टैक्स छूट (Tax Exemption) और राष्ट्रीय पुरस्कारों की घोषणा की जा सकती है।
- न्यायिक शुल्क का हिस्सा: अदालतों द्वारा वसूले जाने वाले कोर्ट फीस (Court Fees) का एक निश्चित प्रतिशत इस फंड में डायवर्ट किया जाएगा।
- अदालती जुर्माना (कॉस्ट): विभिन्न मुकदमों के दौरान अदालतों द्वारा गैर-जरूरी याचिकाओं पर लगाए जाने वाले जुर्माने की राशि सीधे इस कोष में जमा की जाएगी।
- रिवॉल्विंग मॉडल (Revolving Model): जो वकील शुरुआती दिनों में इस सहायता योजना (Legal Assistance Scheme) का लाभ उठाएंगे, वे भविष्य में स्थापित होने पर मासिक किश्तों में इस राशि को फंड में वापस लौटाएंगे।
व्यापक प्रभाव:
यह योजना देश की न्याय व्यवस्था और न्यायिक सुधार (Judicial Reforms) की दिशा में दूरगामी परिणाम देगी:
- वकीलों का कल्याण (Lawyers Welfare): यह सीधे तौर पर कानूनी पेशा (Legal Profession) से जुड़े युवाओं को सामाजिक और मानसिक सुरक्षा देगा, जिससे वे बिना किसी वित्तीय तनाव के अपने कौशल को निखार सकेंगे।
- समावेशी न्याय प्रणाली: इससे ग्रामीण, पिछड़े और आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि से आने वाले मेधावी युवाओं को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।
- कानूनी सहायता (Legal Aid) सुदृढ़ होना: स्टाइपेंड पाने वाले युवा वकीलों को वरिष्ठ अधिवक्ताओं के साथ एसोसिएट के रूप में जोड़ा जाएगा, जिससे गरीब मुकदमों के लिए सस्ती और गुणवत्तापूर्ण कानूनी पैरवी सुलभ हो सकेगी।
- महिला अधिवक्ताओं को बल: यह पहल महिला वकीलों की लंबे समय से चली आ रही कोर्ट रूम इंफ्रास्ट्रक्चर और सुरक्षा संबंधी चिंताओं के साथ जोड़ी गई है, जिससे अदालतों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी।
FAQs:
प्र.1: यंग लॉयर्स प्रोफेशनल असिस्टेंस फंड क्या है?
यह सुप्रीम कोर्ट द्वारा प्रस्तावित एक विशेष कोष है, जो आर्थिक तंगी झेल रहे शुरुआती दौर के वकीलों को वित्तीय सहायता प्रदान करेगा।
प्र.2: इस योजना का उद्देश्य क्या है?
इसका उद्देश्य युवा वकीलों को वित्तीय संकट से उबारना, वकालत छोड़ने से रोकना और कानूनी बिरादरी में प्रतिभाओं का पलायन बंद करना है।
प्र.3: किन वकीलों को इसका लाभ मिलेगा?
इसका लाभ विशेष रूप से पहली पीढ़ी के वकीलों (फर्स्ट जनरेशन एडवोकेट्स) और आर्थिक व सामाजिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि वाले युवाओं को मिलेगा।
प्र.4: इस फंड का संचालन कौन करेगा?
इस फंड का विशिष्ट नियंत्रण प्रादेशिक उच्च न्यायालयों (High Courts) या केंद्र व राज्य सरकारों द्वारा गठित किसी स्वायत्त संस्था के पास होगा।
प्र.5: यह योजना क्यों शुरू की गई?
जूनियर वकीलों को सीनियर्स से पर्याप्त स्टाइपेंड न मिलने और शुरुआती खर्च न उठा पाने के कारण वकालत छोड़ने की मजबूरी को खत्म करने हेतु।
